Sheetala Ashtami 2023: शीतला अष्टमी का पर्व होली के आठ दिन बाद चैत्र मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी को मनाया जाता हैं। इस साल Sheetala Ashtami 2023, 15 मार्च budhwar के दिन हैं। कुछ लोग शीतला सप्तमी (24 मार्च) भी पूजते हैं। शीतला अष्टमी पर शीतला माता का पूजन किया जाता है और बसौड़ा का प्रसाद लगाया जाता है।
ऐसी मान्यता है कि शीतला सप्तमी और शीतला अष्टमी की पूजा करने के बाद शीतला माता की कथा सुनने से माता शीतला प्रसन्न होती हैं और पूजा का सम्पूर्ण फल प्राप्त होता है। शीतला माता को अत्यंत शीतल माना जाता है और बच्चों को कई बीमारियों से रक्षा करती हैं।
शीतला अष्टमी के दिन घर में अग्नि जलाना निषिद्ध होता है, इसलिए लोग अपने लिए भी एक दिन पहले ही खाना बना लेते हैं। इस पर्व में एक दिन पूर्व बनाया हुआ भोजन किया जाता है, अत: शीतला अष्टमी को बसौड़ा, बास्योड़ा, बसियौरा, बसोरा, बासौड़ा पर्व भी कहते हैं। शीतला मां की पूजा में प्रसाद के रूप में ठंडा व बासी भोजन – दही, राब, सोगरा, बाजरी और घी इत्यादि चढ़ाया जाता है और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की जाती हैं।
शीतला माता का वर्णन स्कंद पुराण में भी मिलता है। इसके अनुसार देवी शीतला को दुर्गा और पार्वती का अवतार माना गया है और इन्हें रोगों से उपचार की शक्ति प्राप्त है। ठंडा भोजन खाने के पीछे भी एक धार्मिक मान्यता भी है कि माता शीतला को शीतल, ठंडा व्यंजन ओर जल पसंद है। इसलिए माता को ठंडा (बासी) व्यंजन का ही भोग लगाया जाता है, इससे शीतला माता प्रसन्न होती है।
घरों में सप्तमी के दिन कई तरह के पकवान- हलवा, पूरी, केर सांगरी की सब्जी, दही बड़ा, पकौड़ी, पुए रबड़ी, राबरी, चावल, सोगरा, आदि बनाए जाते हैं। अगले दिन अष्टमी की सुबह महिलाएं इन चीजों का भोग शीतला माता को लगाकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। इस दिन परिवार के सभी सदस्य भी ठंडे पानी से स्नान करते है और पहले से बनाया हुवा बासी (ठंडा) भोजन प्रसाद के रूप मे ग्रहण करते हैं।
आइए जानते हैं क्यों मनाया जाता है शीतला अष्टमी का पर्व, शीतला माता के स्वरूप के प्रतीकात्मक अर्थ, शीतला अष्टमी के पूजा मुहूर्त, शीतला माता पूजन विधि और महत्व के बारे में-
ये पढ़ें: मारवाड़ में अनूठी है धींगा गवर पूजन की संस्कृति
Sheetala Ashtami 2023 Date and पूजन मुहूर्त
शीतला अष्टमी 2023 – 15 मार्च बुधवार
अष्टमी तिथि प्रारम्भ – 14 मार्च मंगलवार को रात 08 बजकर 22 मिनट से
अष्टमी तिथि समाप्त – 15 मार्च बुधवार को शाम 06 बजकर 45 मिनट पर।
बास्योड़ा लोकपर्व है, यह लोकमान्यता के अनुसार ही मनाया जाता है। ढूंढाड़ में यह लोकपर्व ठंडे वार को मनाया जाता है। जबकि मारवाड़ में यह परम्परा नहीं है, वहां लोकमान्यता होली के बाद अष्टमी तिथि को ही बास्योड़ा मनाया जाता है।
शीतला माता पूजन विधि
शीतला माता की पूजा के दिन घर पर चूल्हा नहीं जलता। माता के प्रसाद के लिए व परिवार जनों के भोजन के लिए, एक दिन पहले ही सब कुछ पकाया जाता है। माता को सफाई काफी पसंद है इसलिए घर पर सब कुछ साफ-सुथरा होना बेहद आवश्यक है।
शीतला माता की पूजा के एक दिन पहले हलवा, खाजा, चूरमा, मगद, नमक पारे, शक्कर पारे, बेसन चक्की, पुए, पकौड़ी, राबड़ी, बाजरे की रोटी, पूड़ी, सब्जी आदि बनाई जाती हैं। कुल्हड़ में मोठ, बाजरा भिगो दें। इनमें से कुछ भी पूजा से पहले नहीं खाना चाहिए। माता जी की पूजा के लिए ऐसी रोटी बनानी चाहिए जिनमे लाल रंग के सिकाई के निशान नहीं हों। पूजा के एक दिन पहले रात को सारा भोजन बनाने के बाद रसोईघर की साफ सफाई करें। इसके बाद चूल्हा नहीं जलाना चाहिए।
- अष्टमी के दिन प्रात: काल ठंडे जल से स्नान करके शीतला माता, औरई माता, अचपड़ा जी, पंथवारी जी की पूजा विधि-विधान से करनी चाहिए।
- स्नान और पूजा के वक्त ‘हृं श्रीं शीतलायै नमः‘ का उच्चारण करते रहें।
- स्नान करने के बाद इस मंत्र से संकल्प लें-
‘मम गेहे शीतलारोगजनितोपद्रव प्रशमन…
पूर्वकायुरारोग्यैश्वर्याभिवृद्धिये शीतलाष्टमी व्रतं करिष्ये’ - एक थाली थोड़ा दही, राबड़ी, चावल (ओलिया), पुआ, पकौड़ी, नमक पारे, रोटी, शक्कर पारे, भीगा मोठ, बाजरा आदि जो भी बनाया हो रखें।
- एक अन्य थाली में रोली, चावल, मेहंदी, काजल, हल्दी, लच्छा (मोली), वस्त्र, एक माला व सिक्का रखें।
- शीतल जल व दूध का कलश भर ले।
- पूजा के लिए साफ सुथरे और सुंदर वस्त्र पहनने चाहिए।
- इसके बाद मन्दिर में जाकर पूजा करें। यदि शीतला माता घर पर हो तो, घर पर पूजा कर सकते हैं।
- सबसे पहले माता जी को जल से स्नान कराएं। दूध व घी का भोग लगाए।
- रोली और हल्दी से टीका करें। काजल, मेहंदी, लच्छा, वस्त्र अर्पित करें।
- पूर्व रात्रि को बनाया गया बासी भोजन (दही, राबड़ी, चावल, हलवा, पूरी, गुलगुले आदि) का भोग माता को लगाए।
- पूजन सामग्री अर्पित करें।
- बिना नमक का आटा पानी से गूंथकर इस आटे से एक छोटा दीपक बना लें। इस दीपक में रुई की बत्ती घी में डुबोकर लगा लें। यह दीपक बिना जलाए ही माता जी को चढ़ाया जाता है।
- हाथ जोड़ कर माता से प्रार्थना करें – हे माता, मान लेना और शीली ठंडी रहना।
- आरती या गीत गा कर मां की अर्चना करें।
- अंत में वापस जल चढ़ाएं और चढ़ाने के बाद जो जल बहता है, उसमें से थोड़ा जल लोटे में डाल लें। यह जल पवित्र होता है। इसे घर के सभी सदस्य आंखों पर लगाएं। थोड़ा जल घर के हर हिस्से में छिड़कना चाहिए। इससे घर की शुद्धि होती है पॉजिटिव एनर्जी आती है।
- पंथवारी माता जी का ध्यान कर उनको भी ऐसे ही पूजे।
- साथ ही शीतला माता की कथा सुनें।
इस प्रकार शीतला माता की पूजा संपन्न होती है। ठंडे व्यंजन सपरिवार मिलजुल कर खाएं और शीतला माता पर्व का आनंद उठाएं।
शीतला माता पूजन का महत्व
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार शीतला माता की पूजा करने से चिकन पॉक्स यानी माता, खसरा, फोड़े, नेत्र रोग नहीं होते है। माता इन रोगों से रक्षा करती है।
मान्यता है कि शीतला माता की पूजा करने से बच्चों की सेहत अच्छी बनी रहती है। उनके आर्शीवाद से दाहज्वर, पीतज्वर, विस्फोटक, दुर्गंधयुक्त फोड़े, शीतला की फुंसियां, शीतला जनित दोष और नेत्रों के समस्त रोग दूर हो जाते हैं। शीतला माता की पूजा से स्वच्छता और पर्यावरण को सुरक्षित रखने की प्रेरणा भी मिलती है।
|| जय शीतला माता की – Sheetala Ashtami 2023 ||
AapnoJodhpur team Wishes Happy Sheetla Ashtami 2023. Also, Connect with us through Facebook and follow us on Twitter for regular updates on Dharma, Hindu Tradition, Vrat, Festivals, and Culture. Do comment below for any more information or query on Sheetala Ashtami 2023.
(इस आलेख में दी गई Sheetala Ashtami 2023 की जानकारियां धार्मिक आस्थाओं और लौकिक मान्यताओं पर आधारित हैं, जिसे मात्र सामान्य जनरुचि को ध्यान में रखकर प्रस्तुत किया गया है।)