क्यों किया जाता है उत्पन्ना एकादशी का व्रत? Utpanna Ekadashi 2020 पूजा विधि, मुहूर्त, उत्पन्ना एकादशी कथा, महत्व, अगहन मास की कृष्ण पक्ष एकादशी
Culture Festivals

Utpanna Ekadashi 2018: उत्पन्ना एकादशी व्रत व पूजा विधि, मुहूर्त, व्रत कथा एवं महत्व

Utpanna Ekadashi 2018: अभी कृष्ण जी को प्रिय मार्गशीर्ष मास यानी अगहन मास चल रहा है। इस महीने की कृष्ण पक्ष की एकादशी को उत्पन्ना एकादशी का व्रत किया जाता है। Utpanna Ekadashi 2018 इस बार 3 दिसंबर को है। एकादशी का दिन भगवान विष्णु को समर्पित है।अगर एकादशी पर बाल गोपाल की पूजा की जाती है तो भक्त को भगवान की कृपा मिल सकती है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार इसी व्रत के प्रभाव से मोक्ष की प्राप्ति होती है।

एकादशी (Ekadashi) व्रत कथा व महत्व के बारे में तो सभी जानते हैं। हर मास की कृष्ण व शुक्ल पक्ष को मिलाकर दो एकादशियां आती हैं। यह भी सभी जानते हैं कि इस दिन भगवान विष्णु की पूजा की जाती है। इस बात को बहुत कम जानते हैं कि एकादशी एक देवी थी जिनका जन्म भगवान विष्णु से हुआ था। एकादशी मार्गशीर्ष मास की कृष्ण एकादशी को प्रकट हुई थी जिसके कारण इस एकादशी का नाम उत्पन्ना एकादशी पड़ा। इसी दिन से एकादशी व्रत शुरु हुआ था। हिंदू धर्म में एकादशी व्रत का बहुत अधिक महत्व माना जाता है इसलिये यह जानकारी होना जरूरी है कि एकादशी का जन्म कैसे और क्यों हुआ?

Utpanna Ekadashi 2018 Date एवं मुहूर्त

हिंदू मान्यताओं के अनुसार तिथि सूर्योदय के पश्चात मानी जाती है इसलिये एकादशी तिथि का उपवास 3 दिसंबर को रखा जायेगा जिसका पारण 4 दिसंबर को होगा।

  • Utpanna Ekadashi 2018 Fast Date: 03 दिसंबर 2018
  • पारण का समय: 07:02 से 09:06 बजे तक (4 दिसंबर 2018)
  • पारण के दिन द्वादशी तिथि समाप्त: 12:19 बजे (4 दिसंबर 2018)
  • एकादशी तिथि प्रारंभ: 14:00 बजे से (2 दिसंबर 2018)
  • एकादशी तिथि समाप्त: 12:59 बजे (3 दिसंबर 2018)

READ Too: Dev Uthani Ekadashi 2018: तुलसी विवाह, शुभ मुहूर्त, पूजा विधि, कथा एवं महत्व

 उत्पन्ना एकादशी व्रत व पूजा विधि

जो व्रती एकादशी के उपवास को नहीं रखते हैं और इस उपवास को लगातार रखने का मन बना रहे हैं तो उन्हें मार्गशीर्ष मास की कृष्ण एकादशी अर्थात उत्पन्ना एकादशी से इसका आरंभ करना चाहिये क्योंकि सर्वप्रथम हेमंत ऋतु में इसी एकादशी से इस व्रत का प्रारंभ हुआ माना जाता है।

  • एकादशी के व्रत की तैयारी दशमी तिथि को ही आरंभ हो जाती है। मार्गशीर्ष कृष्ण एकादशी के एक दिन पहले यानी दशमी तिथि (2 दिसंबर) को सायंकाल भोजन करने के बाद अच्छी प्रकार से दातुन कुल्ला करें ताकि अन्न का अंश मुँह में रह न जाए। इसके बाद रात के समय बिल्कुल भी भोजन न करें। रात्रि में ब्रह्मचर्य का पालन करें।
  • अधिक बोलकर अपनी ऊर्जा को भी व्यर्थ न करें।
  • एकादशी के दिन प्रात:काल ब्रह्म मुहूर्त में उठकर सबसे पहले व्रत का संकल्प करें। इसके पश्चात नित्य क्रियाओं से निवृत्त होकर शुद्ध जल से स्नान कर स्वच्छ हो लें।
  • इसके पश्चात धूप, दीप, नैवेद्य आदि सोलह चीजों से भगवान श्रीकृष्ण का पूजन करें, व्रत कथा सुनें और रात को दीपदान करें। रात में सोए नहीं।
  • दिन भर व्रती को बुरे कर्म करने वाले पापी, दुष्ट व्यक्तियों की संगत से बचना चाहिये।
  • सारी रात भजन-कीर्तन आदि करना चाहिए। जो कुछ पहले जाने-अनजाने में पाप हो गए हों, उनकी क्षमा भगवान श्री हरि से माँगनी चाहिए।
  • द्वादशी के दिन सुबह पुन: भगवान श्रीकृष्ण की पूजा करें व योग्य ब्राह्मणों या किसी गरीब को भोजन कराकर यथा संभव दान दक्षिणा देकर फिर अपने व्रत का पारण (स्वयं भोजन ) करना चाहिये।

इस विधि से किया गया उपवास बहुत ही पुण्य फलदायी होता है।

उत्पन्ना एकादशी व्रत कथा

पद्मपुराण में धर्मराज युधिष्ठिर के द्वारा भगवान श्रीकृष्ण से पुण्यमयी एकादशी तिथि की उत्पत्ति के विषय पर पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि सत्ययुग के समय एक महाबलशाली राक्षस था, जिसका नाम मुर था। उसके पिता का नाम नाड़ी जंग था और यह ब्रह्मवंशज था। उसने अपनी शक्ति से देवराज इन्द्र को पराजित करके जब स्वर्ग पर अपना आधिपत्य जमा लिया। हताश होकर इंद्रदेव कैलाश गए और भोलेनाथ के सामने अपने दुख और तकलीफ का वर्णन किया, प्रार्थना की कि वे उन्हें इस परेशानी से बाहर निकालें। भगवान शिव ने उन्हें विष्णु के पास जाने की सलाह दी।

उनकी सलाह पर सभी देवता क्षीरसागर पहुंचे, जहां विष्णु जी शेषनाग की शय्यापर योग-निद्रा में थे। कुछ समय बाद विष्णुजी के नेत्र खुले तब सभी देवताओं ने उनकी स्तुति की। विष्णु जी ने उनसे क्षीरसागर आने का कारण पूछा, तब इंद्र देव ने उन्हें विस्तार से बताया कि किस तरह मुर नामक राक्षस ने सभी देवताओं को मृत्युलोक में जाने के लिए विवश कर दिया।

देवताओं के अनुरोध पर श्रीहरि ने इंद्र को आश्वासन दिया कि वो उन्हें इस विपत्ति से निकालेंगे। इस प्रकार विष्णु जी मुर दैत्य से युद्ध करने उसकी नगरी चंद्रावती जाते हैं। मुर और विष्णुजी के मध्य युद्ध प्रारंभ होता है। कई वर्षों तक युद्ध चलता रहता है। भगवान विष्णु को नींद आने लगी तो वे बद्रिकाश्रम में बारह योजन लम्बी हेमवती नामक गुफा में विश्राम करने चले गए और निद्रालीन हो गए।

दानव मुर भी उनके पीछे घुसा और सोते हुए भगवान को मारने के लिए बढ़ा तो, श्रीहरिके शरीर से दिव्य अस्त्र-शस्त्रों से युक्त एक अति रूपवती कन्या उत्पन्न हुई और उसने मुर से युद्ध किया। घमासान युद्ध में मुर मूर्छित हो गया और बाद में उसका मस्तक धड़ से अलग कर दिया गया। जिस दिन वह प्रकट हुई वह दिन मार्गशीर्ष मास की एकादशी का दिन था।

जब विष्णु की नींद टूटी तो उन्हें आश्चर्य हुआ कि यह कैसे हुआ और किसने किया? कन्या ने सब विस्तार से बताया। इससे प्रसन्न होकर भगवान विष्णु ने एकादशी नामक उस कन्या को वरदान मांगने के लिए कहा। कन्या ने मांगा कि ‘मुझे ऐसा वर दें कि अगर कोई मनुष्य मेरा उपवास करे तो उसके सारे पापों का नाश हो और उसे विष्णुलोक मिले। तब भगवान ने उसे अपनी प्रिय तिथि घोषित कर दिया और वरदान दिया कि इस व्रत के पालन से मनुष्य जाति के पापों का नाश होगा और उन्हें विष्णु लोक मिलेगा। तब से एकादशी व्रत प्रारंभ हुआ तब से लेकर वर्तमान तक एकादशी व्रत का माहात्म्य बना हुआ है।

READ ALSO: Rama Ekadashi 2018: रमा एकादशी व्रत, पूजन विधि, कथा व महत्‍व

उत्पन्ना एकादशी महत्व

धर्म शास्त्रों के अनुसार इस व्रत को करने से अश्वमेघ यज्ञ, तीर्थ स्नानदान आदि करने से भी ज्यादा पुण्य मिलता है। उपवास से मन निर्मल और शरीर स्वस्थ होता है। ऐसा मान्यता है कि उत्पन्ना एकादशी के दिन से ही एकादशी व्रत करने की शुरुआत की जाती है।

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार इसी व्रत के प्रभाव से मोक्ष की प्राप्ति होती है। उत्पन्ना एकादशी का व्रत आरोग्य, संतान प्राप्ति तथा मोक्ष के लिए किया जाने वाला व्रत है। माना जाता है कि कैसी भी मानसिक समस्या हो इस व्रत से दूर हो जाती है।

जो मनुष्य ऊपर लिखी विधि के अनुसार एकादशी का व्रत करते हैं, उन्हें हजार यज्ञों से भी ‍अधिक इसका फल होता है। रात्रि को भोजन करने वाले को उपवास का आधा फल मिलता है और दिन में एक बार भोजन करने वाले को भी आधा ही फल प्राप्त होता है। जबकि निर्जल व्रत रखने वाले का माहात्म्य तो देवता भी वर्णन नहीं कर सकते।

व्रतों में सर्वाधिक महत्वपूर्ण व्रत एकादशी का होता है। एकादशी का नियमित व्रत रखने से मन कि चंचलता समाप्त होती है। धन और आरोग्य की प्राप्ति होती है। हार्मोन की समस्या भी ठीक होती है तथा रोग दूर होते हैं।

Utpanna Ekadashi 2018 की हार्दिक शुभकामनाएं !!

Connect with us for all latest updates also through FacebookDo comment below for any more information or query on Utpanna Ekadashi 2018.

Please follow and like us:

About the author

Leave a Reply